सिविल सोसाइटी गरुड़ द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न, 300 से अधिक बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
गरुड़ बागेश्वर । सिविल सोसाइटी गरुड़ की पहल पर रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 15 वर्ष तक के करीब 300 से अधिक नवजात एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय पांडे और डॉ. अपर्णा पांडे ने बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण कर अभिभावकों को बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए महत्वपूर्ण परामर्श दिए। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और समय पर टीकाकरण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर सिविल सोसाइटी गरुड़ के संरक्षक एवं उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता डी.के. जोशी ने कहा कि संस्था लंबे समय से क्षेत्र की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है और भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर स्थानीय लोगों को लाभ पहुंचाया जाएगा।
शिविर के दौरान वरिष्ठ साहित्यकार मोहन चन्द्र जोशी, हरीश जोशी, चन्द्रशेखर बड़सीला, सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी जीवन दुबे, उमाशंकर भाकुनी, सभासद अंकित जोशी, घनश्याम जोशी, विपिन तिवारी, भारतेन्दु जोशी, भास्कर जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने सिविल सोसाइटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क मिल सकें।
