बागेश्वर न्यायालय परिसर में धूमधाम से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती
बागेश्वर। गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर बागेश्वर में भव्य आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार तथा मा. जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर श्री पंकज तोमर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा के अनावरण से हुई। मा. जिला न्यायाधीश श्री पंकज तोमर ने प्रतिमा का अनावरण कर उपस्थित जनसमूह को गांधीजी के सत्य, अहिंसा और सादगीपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता के दिखाए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। न्यायालय परिसर हरियाली से सराबोर हुआ तो उपस्थित लोगों ने भी वृक्षों की देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बागेश्वर श्री संदीप कुमार तिवारी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अनीता कुमारी, जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) श्री गोविन्द बल्लभ उपाध्याय, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री गोविन्द सिंह भंडारी, वरिष्ठ नागरिक संघ अध्यक्ष श्री दलीप सिंह खेतवाल एवं वृक्षप्रेमी श्री किशन सिंह मलड़ा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।
