March 5, 2026

बैजनाथ पुलिस ने की ढाई नाली भांग की खेती नष्ट, ग्रामीणों से की नशा मुक्ति की अपील

गरुड़ (बागेश्वर)। नशा मुक्त उत्तराखण्ड अभियान के तहत जनपद पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कोतवाली बैजनाथ पुलिस एवं एएनटीएफ (ANTF) टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर गरुड़ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम ढुकरा-सेलकूना में लगभग ढाई नाली में फैली अवैध भांग की खेती को नष्ट कर दिया।

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के कुशल निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेतों में लहलहा रही भांग की फसल को पूरी तरह से नष्ट कर दिया।

ग्रामीणों को दिया जागरूकता संदेश

पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की मादक पदार्थों की खेती या तस्करी से दूरी बनाए रखें और समाज को नशा मुक्त बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

इसके साथ ही ग्रामीणों को राष्ट्रीय नार्कोटिक्स हेल्पलाइन पोर्टल (1933) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि कोई भी व्यक्ति नशा तस्करी या अवैध खेती की गुप्त सूचना हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दे सकता है, जिसकी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

“नशा मुक्त भारत” अभियान से जोड़ने का प्रयास

ANTF/पुलिस टीम ने ग्रामीणों को यह भी बताया कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज—सभी के लिए घातक है। इसलिए प्रदेश सरकार और पुलिस विभाग का मुख्य लक्ष्य है कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें रचनात्मक दिशा दी जाए।