March 16, 2026

दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस हुई सक्रिय — बैजनाथ और कौसानी में व्यापारियों व आमजन के साथ गोष्ठी आयोजित

बागेश्वर/गरुड़। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए बागेश्वर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चन्द्रशेखर घोडके के निर्देशन व पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर/कपकोट के पर्यवेक्षण में जिलेभर में पुलिस द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली बैजनाथ व कोतवाली कौसानी पुलिस ने व्यापारियों और आमजन के साथ गोष्ठियों का आयोजन किया।

बैजनाथ में प्रभारी कोतवाली श्री कैलाश सिंह बिष्ट ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर व्यापारियों व आतिशबाज़ी लाइसेंसधारकों को आगजनी से बचाव के उपायों और अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग की जानकारी दी। पुलिस ने सभी विक्रेताओं से सुरक्षा मानकों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से पटाखों की बिक्री सुनिश्चित करने की अपील की।

वहीं, कौसानी कोतवाली परिसर में आयोजित गोष्ठी में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन, नशे से दूरी, और बाहरी व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन की अनिवार्यता के बारे में जानकारी दी।

गोष्ठी के दौरान लोगों को उत्तराखंड पुलिस के ‘गौराशक्ति एप’, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930, और आपातकालीन नंबर 112, 1090, 1098 की जानकारी देकर किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि दीपावली पर्व सभी धर्मों और समुदायों को जोड़ने वाला त्यौहार है, इसे शांति, सद्भाव और सुरक्षा के साथ मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।