कौसानी पुलिस रख रही बुजुर्गों का खास ख्याल
कौसानी ,बागेश्वर । पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की कुशलक्षेम जानने एवं उनकी समस्याओं के समाधान हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में कोतवाली कौसानी एवं चौकी डंगोली पुलिस टीम द्वारा अपने-अपने थानाक्षेत्र के दूरस्थ गाँवो का भ्रमण कर बुजुर्गों से आत्मीय भेंट की। उनकी निजी, पारिवारिक, स्वास्थ्य संबंधी एवं अन्य समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना गया तथा अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष समस्याओं का समाधान जल्द ही करने का आश्वासन दिया ।
पुलिस टीम ने वरिष्ठनागरिकों को पुलिस सहायता नंबर 112 व मोबाइल नंबर 9411112983 की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि किसी भी आपात स्थिति में वे निःसंकोच पुलिस से संपर्क करें।
साथ ही पुलिस टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिको व उपस्थित आमजनमानस को यातायात नियमों का पालन करने, नशे के दुष्प्रभाव,समाज में बढ़ रहे बच्चो व महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों जैसे- महिलाओं एवं बच्चों की मानव तस्करी, जबरन विवाह कराना, बाल श्रम, भिक्षा वृत्ति, वैश्यावृत्ति, बाहरी व्यक्ति को बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार/ वर्कर ना रखनें आदि अन्य अपराधों के सम्बन्ध में जानकारी दी गई। बढ़ते साइबर आपराधों से बचाव को जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार का साइबर फ्रॉड होने पर डायल 1930 में शिकायत दर्ज करने व उत्तराखण्ड पुलिस एप के अन्तर्गत गौराशक्ति एप की विस्तृत जानकारी दी गयी।
टीम के आत्मीय व्यवहार से प्रभावित होकर बुजुर्गों ने पुलिस का आभार प्रकट किया ।
यह जनहितकारी अभियान निरंतर जारी रहेगा और पुलिस हर समय वरिष्ठ नागरिकों की सेवा व सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगी ।
