March 6, 2026

रजत जयंती वर्ष पर बागेश्वर में उत्सवों की झड़ी : 3 से 9 नवम्बर तक हर दिन होगा विशेष विभागीय आयोजन

डीएम आकांक्षा कोंडे ने दी जानकारी “जनभागीदारी से रजत जयंती को बनाएंगे यादगार”

बागेश्वर। राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जनपद बागेश्वर में 3 नवम्बर से 9 नवम्बर तक विभागीय कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि “इन आयोजनों के माध्यम से राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और जनसहभागिता की भावना को हर व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।”

3 नवम्बर — कीवी महोत्सव और कृषक सम्मेलन से होगी शुरुआत

रजत जयंती समारोहों की शुरुआत 3 नवम्बर को कृषि विज्ञान केन्द्र, बागेश्वर से होगी। इस दिन कीवी महोत्सव और कृषक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता और दुग्ध विभागों द्वारा बीज वितरण, तकनीकी जागरूकता और संगोष्ठियों के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों से जोड़ा जाएगा।

4 नवम्बर — हिमालयन टूरिज्म फेयर और फूड फेस्टिवल

पर्यटन, युवा कल्याण एवं खेल विभाग की ओर से 4 नवम्बर को हिमालयन टूरिज्म फेयर, फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित होंगी। कार्यक्रम का शुभारंभ अनाशक्ति आश्रम, कौसानी से किया जाएगा।

5 नवम्बर — करियर काउंसलिंग मेला

सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें रोजगार से जुड़ी जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाएगा।

6 नवम्बर — स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता शिविर

स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, समाज कल्याण एवं बाल विकास विभागों के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक स्वास्थ्य शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम विकारखंड, कपकोट में होंगे।

7 नवम्बर — ट्राउट महोत्सव और आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम

मत्स्य पालन विभाग की ओर से ट्राउट महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी लगेगी।

8 नवम्बर — यूथ एंड स्पोर्ट्स फेस्ट

शिक्षा, युवा कल्याण एवं खेल विभागों की संयुक्त मेजबानी में स्कूली सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएँ और पारिवारिक सहभागिता कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

9 नवम्बर — राज्य स्थापना दिवस पर भव्य मुख्य समारोह

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 9 नवम्बर को नुमाइश मैदान, बागेश्वर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम, राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान समारोह, लखपति दीदी कार्यक्रम और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष आयोजन मुख्य आकर्षण रहेंगे।
पूरा जनपद रजत जयंती वर्ष को उल्लास और गर्व के साथ मनाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य राज्य स्थापना दिवस की भावना को गाँव-गाँव तक पहुँचाना है। “हर विभाग अपने कार्यक्रमों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करे ताकि रजत जयंती वर्ष वास्तव में जन-उत्सव का रूप ले सके,” उन्होंने कहा।