December 5, 2025

अमेरिका के इन 7 शहरों में रहते हैं दुनिया के सबसे ज्यादा अमीर लोग


नईदिल्ली । दुनिया के सबसे ज्यादा धनी निवासियों वाले शीर्ष 10 शहरों में से 7 शहर अमेरिका में हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें उन लोगों को शामिल किया गया है जिनकी कुल संपत्ति 3 करोड़ डॉलर (लगभग 260 करोड़ रुपये) से अधिक है। रिपोर्ट में जून, 2025 तक के आंकड़े दिए गए हैं और बताया गया है कि अमेरिका में अरबपतियों की संख्या पिछले साल की तुलना में तेजी से बढ़ी है।
न्यूयॉर्क 21,380 अमीर निवासियों के साथ वैश्विक सूची में पहले स्थान पर है, जो पिछले साल की तुलना में 23.4 प्रतिशत अधिक है। लॉस एंजिल्स 11,680 निवासियों के साथ तीसरे और सैन फ्रांसिस्को 8,270 के साथ चौथे स्थान पर है। इसके बाद शिकागो, डलास, वाशिंगटन डीसी और ह्यूस्टन हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि इन सभी अमेरिकी शहरों में अमीर लोगों की आबादी में 2 अंकों की तेज वृद्धि देखी गई है।
अमेरिका के अलावा हांगकांग 17,215 अति-धनवान लोगों के साथ दूसरे स्थान पर है। टोक्यो 6,940 और लंदन 6,660 अमीर निवासियों के साथ सूची में शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, हांगकांग का उदय आईपीओ गतिविधियों में बढ़ोतरी और शेयर बाजार के तेज प्रदर्शन से जुड़ा है। टोक्यो और लंदन जैसे शहर अब भी अपने पुराने आर्थिक प्रभाव और वैश्विक वित्तीय स्थिति के कारण शीर्ष 10 में मजबूती से बने हुए हैं।
रिपोर्ट बताती है कि जिनकी संपत्ति 3 करोड़ डॉलर से अधिक है, वे कुल वैश्विक करोड़पति आबादी का सिर्फ 1 प्रतिशत हैं, लेकिन उनके पास पूरी संपत्ति का लगभग एक-तिहाई हिस्सा है।
रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में इस समय लगभग 5 लाख अति-धनवान व्यक्ति हैं और 2030 तक इनकी संख्या बढ़कर करीब 6.7 लाख तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है, जिससे वैश्विक संपत्ति में और असमानता बढ़ सकती है।