Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

दो दिवसीय हिलांस मेले का डीएम ने किया शुभारंभ 

रुद्रप्रयाग,  ( आखरीआंख ) एकीकृत आजीविका मिशन द्वारा स्वयं सहायता समूहों को तकनीकी सहायता के साथ ही बाजार उपलब्ध कराने के लिए दो दिवसीय हिलांस कृषि मेले का आयोजन किया जा रहा है। अगस्त्यमुनि खेल मैदान में लगे मेले का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी मंगेश घिल्ड़ियाल ने कहा कि पहाड़ में महिलायें खेती की रीढ़ हैं। महिलाओं ने ही खेती को जीवित रखा है, इसलिए जब महिलायें सशक्त होंगी तभी हमारा पहाड़ भी सशक्त बनेगा। भारी मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में दूर दराज से आई ग्रामीण महिलाओं की उपस्थिति देखकर अभिभूत हुए जिलाधिकारी ने गढ़वाली में महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उसका लाभ उठाने का आह्वान किया।
कहा कि पूजा प्रसाद, फूल, घी तथा सब्जी उत्पादन से महिलाओं की आर्थिकी सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। केदारनाथ यात्रा हमारी आजीविका का बहुत बड़ा बाजार है। हमारा सौभाग्य है कि इतना बड़ा बाजार हमारे पास चलकर आ रहा है। वर्ष 2018 में केदारनाथ में केवल पूजा प्रसाद बेचकर ही एक करोड़ रूपये से अधिक की आय हुई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष खांकरा से गौरीकुण्ड तक अनेक स्थानों पर महिला समूहों के स्टाॅल लगाकर पहाड़ी उत्पादों को रखा जायेगा। गौरीकुण्ड से केदारनाथ तक 10 दुकानें महिला समूहों के लिए आरक्षित की जायेंगी। उन्होंने महिलाओं से अपनी आर्थिकी को मजबूत करने के लिए सामूहिक खेती करने का आह्वान किया। हिलांस कृषि मेले के राज्य प्रभारी संजय सक्सैना ने कहा कि उत्पादकों को एक ही जगह पर तकनीकी सहायता एवं बाजार मुहैया कराने के उद्देश्य से हिलांस कृषि मेले का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश में 201 सहकारिताओं का गठन किया जा चुका है। राज्य स्तर पर सहकारिता के माध्यम से उत्पाद समूहों तथा खद्य सुरक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। रुद्रप्रयाग के नोडल अधिकारी रईस अहमद ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सुदृढ़ कर काश्तकारों की आय को दोगुना करना एकीकृत आजीविका मिशन का उद्देश्य है। परियोजना प्रबंधक आरिफ खान ने एकीकृत आजीविका मिशन की गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। नगर पंचायत अध्यक्ष अरूणा बेंजवाल ने आगन्तुक अतिथियों का स्वागत एवं आभार प्रकट किया। जिला कृषि अधिकारी एसएस वर्मा एवं जिला उद्यान अधिकारी योगेन्द्र चैधरी ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने रिबन काटकर मेले का उद्घाटन किया। तत्पश्चात स्टाॅलों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों के विपणन के लिए भूमि दान करने वाले दो व्यक्तियों चोपता के हर्षलाल एवं जगोठ के राकेश सिंह को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध रंगकर्मी गणेश खुकसाल गणी ने किया। इस मौके पर सीडीओ एनएस रावत, नागेन्द्र तंगवाल आदि थे।

You may have missed

Advertisement