Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 26, 2026

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचे द्वाराहाट, महावतार बाबा की गुफा में करेंगे ध्यान साधना


अल्मोड़ा ।  भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने दो दिवसीय आध्यात्मिक प्रवास पर मंगलवार को द्वाराहाट पहुंचे। बुधवार को वे दूनागिरी की पवित्र पहाड़ियों में स्थित महावतार बाबा की गुफा में ध्यान साधना करेंगे। यह गुफा लंबे समय से देश-विदेश के श्रद्धालुओं और विशिष्ट हस्तियों के लिए आस्था और साधना का केंद्र रही है। मंगलवार दोपहर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वाराहाट पहुंचे, जहां वे सीधे भूमकिया स्थित आदि माउंट इको रिसॉर्ट पहुंचे। वहां प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। लगभग तीन घंटे के विश्राम के बाद उन्होंने योगदा आश्रम का भ्रमण किया और वहां उपस्थित सन्यासियों से आशीर्वाद लिया। कोविंद ने कृष्ण मंदिर ध्यान केंद्र में कुछ समय ध्यान में व्यतीत किया और सन्यासियों के साथ आधा घंटा संवाद किया। इसके उपरांत वे द्वाराहाट से लगभग 18 किलोमीटर दूर दूनागिरि रिट्रीट सेंटर के लिए रवाना हुए, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। बुधवार को वे महावतार बाबा की गुफा में ध्यान करेंगे। उल्लेखनीय है कि महावतार बाबा की यह गुफा विश्वभर के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही है। इससे पूर्व फिल्म अभिनेता रजनीकांत, मनोज बाजपेयी, जैकलीन फर्नांडिस, जूही चावला सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरसंघचालक रज्जू भैया भी यहां ध्यान साधना हेतु पधार चुके हैं।

Advertisement