Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 19, 2026

टमाटरों से लदा पिकअप खाई में गिरा, एक की मौत, दो घायल  


विकासनगर । कोटी-इच्छाड़ी-मीनस मोटर मार्ग पर शुक्रवार देर रात टमाटर से भरा पिकअप छिबरो पावर हाउस के पास खाई में गिर गया। दुर्घटना में चालक की मौत हो गई। जबकि, दो युवक घायल हो गए। मृतक का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। जबकि, घायलों का इलाज विकासनगर उपजिला अस्पताल में चल रहा है। कालसी थानाध्यक्ष दीपक धारीवाल ने बताया कि शनिवार सुबह पौने आठ बजे एक व्यक्ति ने उन्हें सूचना दी कि छिबरो पावर हाउस के पास एक पिकअप खाई में गिरी हुई है। जिससे लोगों के चिल्लाने की आवाज आ रही है। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से टीम ने मृतक और घायलों को खाई से निकाला। मृतक की पहचान गोविंद (28 वर्ष) पुत्र जवाहर ग्राम बुराईला, घायलों की पहचान सुनील (28 वर्ष) पुत्र रमेश निवासी ग्राम मिण्डाल और नरेश (28 वर्ष) पुत्र फकीरा निवासी ग्राम बाईला के रूप में हुई। घायलों को विकासनगर उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि, मृतक का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की रहा रही है। थानाध्यक्ष दीपक धारीवाल ने बताया कि घायलों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वह लोग जगथान से टमाटर लेकर सोनीपत हरियाणा जा रहे थे। छिबरो पावर हाउस के पास रात करीब 12 बजे वाहन अनाचक अनियंत्रित हो गया और खाई में गिर गया। चोटिल होने के कारण वह किसी को सूचना नहीं दे पाए।

Advertisement