Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

मैक्स वाहन खाई में गिरा, चालक की मौत; तीन घायल


अल्मोड़ा । द्वाराहाट क्षेत्र में शनिवार को एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया, जिसमें चालक की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना दोपहर करीब 1 बजे कोतवाली द्वाराहाट को मिली, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राजस्व क्षेत्र जैतोली, ग्राम डूंगारखोला (पोस्ट नौबाड़ा) के पास मैक्स वाहन संख्या यूके 01 टीए 1046 द्वाराहाट से नौबाड़ा की ओर जा रही थी। रास्ते में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना के दौरान चालक प्रयाग दत्त मिश्रा वाहन से छिटककर करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही सीओ रानीखेत विमल प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक द्वाराहाट विनोद जोशी पुलिस टीम के साथ स्ट्रेचर, रस्से और अन्य बचाव उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है। मृतक की पहचान प्रयाग दत्त मिश्रा (50 वर्ष), पुत्र भवानी दत्त मिश्रा, निवासी ग्राम डूंगारखोला, पोस्ट नौबाड़ा, तहसील द्वाराहाट के रूप में हुई है। घायलों में भगवती देवी (55 वर्ष), पिंकी (28 वर्ष) और अमित पुरोहित (20 वर्ष), तीनों निवासी डूंगारखोला, शामिल हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

You may have missed

Advertisement