January 29, 2026

जिला अस्पताल के मोर्चरी में रखा शव को चूहों ने नोचा, परिजनों ने किया हंगामा


हरिद्वार । जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखे लखन उर्फ लक्की शर्मा (36) के शव को चूहों ने नोच डाला। चूहों ने शव की आंख, नाक और सिर के हिस्से को भी नोचा। शनिवार सुबह मौके पर पहुंचे परिजन यह देख गम और गुस्से से भर गए। उन्होंने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया। शुक्रवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर लखन का निधन हो गया था। वे पंजाबी धर्मशाला में बतौर मैनेजर कार्यरत थे। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए उनके शव को जिला अस्पताल लाया गया। लेकिन, डॉक्टर उपलब्ध न होने पर शव मोर्चरी में रखा गया। इसके बाद परिजन भी घर लौट गए। लखन के जीजा विक्की गेरा और मनोज अरोड़ा ने बताया कि शनिवार सुबह वे जिला अस्पताल पहुंचे तो शव की आंख, नाक और सिर पर चूहों के काटने के निशान दिखाई दिए। इससे परिजनों का पारा चढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोर्चरी का डीप फ्रीजर बंद था और जिस फ्रीजर में शव रखा गया, वह पीछे से खुला हुआ था। उधर, सूचना मिलते ही पंजाबी समाज के लोग, कांग्रेस और व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम जितेंद्र कुमार और एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम को तैयार हुए। एसपी सिटी अभय कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर एडीएम की अध्यक्षता में जांच समिति बना दी गई है। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
चार घंटे चले लम्बे विरोध के बाद शव को ले गए परिजन:   चूहों द्वारा शव को  नोंचने की खबर कुछ ही देर में शहर में आग की तरह फैल गई। दोपहर 12 बजे से जिला अस्पताल में हंगामे का दौर शुरू हुआ। गुस्साए परिजनों ने मौके पर तोड़फोड़ भी की। करीब चार घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद परिजन शव ले जाने को राजी हो पाए। लखन के जीजा विक्की गेरा ने बताया कि मोर्चरी में सुबह जाकर देखा तो शव नोंचा हुआ था। मोर्चरी में हर तरफ चूहे दौड़ रहे थे। जिस फ्रीजर में शव रखा हुआ था, वह भी खराब था और उसके दरवाजे टूटे हुए थे।उन्होंने रवीश भटीजा, वरुण बालियान और अमन गर्ग को सूचना दी। जिसके बाद वे जिला अस्पताल पहुंचे। कांग्रेस नेताओं और व्यापारियों ने एकजुट होकर दोषियों को सजा दिलाने को लेकर प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस-प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजन शव ले जाने को राजी हुए।