जनपद में अवैध हथियार तस्करी रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी ने की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक
बागेश्वर। माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में शासन स्तर से निर्गत कार्ययोजना के तहत अवैध हथियार एवं गोली-बारूद तस्करी रोकथाम की प्रगति की समीक्षा हेतु शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में अवैध हथियारों के उन्मूलन के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की अब तक की कार्यवाहियों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आर्म्स एक्ट एवं नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ लाइसेंस प्रक्रिया, सुरक्षित भंडारण व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों तथा पुलिस विभाग को जनपद के सभी गन हाउसों का संयुक्त निरीक्षण करने, लाइसेंस सत्यापन प्रक्रिया में कड़ाई बरतने और प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के आदेश दिए। इसके साथ ही पुलिस विभाग को थानों में जमा शस्त्रों का सत्यापन-मिलान करने तथा जनपद की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए।
उन्होंने कहा कि जनपद में हथियारों एवं गोली-बारूद से संबंधित सभी गतिविधियों की सुरक्षा, निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चंद्र शेखर घोड़के, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, सभी उपजिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
