January 17, 2026

जंगल में लगी आग पर फायर स्टेशन गरुड़ की टीम ने पाया काबू, क्षेत्र हुआ सुरक्षित

गरुड़, बागेश्वर । ग्राम जिजोली (भेंटा) के पास जंगल में बुधवार को लगी आग पर फायर स्टेशन गरुड़ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया। आग रिहायशी क्षेत्र की ओर तेजी से बढ़ रही थी, जिससे बड़े नुकसान का खतरा पैदा हो गया था।

फायर स्टेशन गरुड़ को एमडीटी पर मिली सूचना में बताया गया कि जंगल में आग तेज़ी से फैल रही है। सूचना मिलते ही प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में फायर यूनिट बिना देरी किए मौके के लिए रवाना हो गई। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और तुरंत आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू की।

फायर टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से पीट-पाटकर तकनीक और पम्पिंग सेट के माध्यम से पानी का छिड़काव कर आग को काबू में किया। टीम की तत्परता के चलते आग को रिहायशी क्षेत्र तक पहुंचने से रोक लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जन-हानि या जीव-हानि नहीं हुई।

फायर सर्विस टीम ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने में सहयोग करें और किसी भी आगजनी की सूचना तुरंत फायर स्टेशन गरुड़ या हेल्पलाइन 112 पर दें।