जीआईसी बनतोली में बच्चों को बताए स्वास्थ्य के गुर
गरुड़, बागेश्वर। जीआईसी बंटोली में बुधवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों, शारीरिक हानियों और इसके मानसिक व आर्थिक प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू न केवल शरीर को क्षति पहुंचाता है, बल्कि मनुष्य के मानसिक स्वास्थ्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को अपने आसपास के लोगों को तंबाकू सेवन से दूर रखने हेतु प्रेरित करने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी विस्तृत चर्चा हुई। विद्यार्थियों को बताया गया कि मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए सकारात्मक सोच, नियमित दिनचर्या, तनाव प्रबंधन और समय-समय पर सलाह लेना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर Tele MANAS का टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 भी साझा किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर विद्यार्थी एवं आमजन मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के बीच आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में CHO पंकज कुमार, CHO स्वीटी गढ़िया, एएनएम ज्योति जोशी एवं आशा कार्यकर्ता सुमन देवी और ममता देवी की प्रमुख भूमिका रही।
यह जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
