January 17, 2026

बागेश्वर भी दिल्ली में साक्षी रहेगा वोट चोर गद्दी छोड़ रैली का: ललित फर्स्वाण पूर्व विधायक कपकोट

गरुड़, बागेश्वर। आगामी 14 दिसम्बर 2025 को दिल्ली में आयोजित होने वाली “वोट चोर गद्दी छोड़” महासंग्राम महारैली को सफल बनाने के लिए आज गरुड़ कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण और उत्साहपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऐसा जोश और उमंग देखने को मिला, मानो पूरा जनमानस दिल्ली में होने वाले लोकतांत्रिक रण में भाग लेने को तैयार हो।

बैठक की अध्यक्षता राजीव गांधी पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष एवं कपकोट के पूर्व विधायक, तथा रैली के जिला प्रभारी आदरणीय ललित फर्स्वाण ने की।
साथ ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ,
उत्तराखंड सरकार के पूर्व दर्जा राज्य मंत्री गोपाल दत्त भट्ट ,
बागेश्वर विधानसभा के नवनिर्वाचित बूथ लेबल प्रभारी रंजीत रावत ,
कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रत्याशी बालकृष्ण ,
तथा जिले के अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता—कुन्दन गोस्वामी , लक्ष्मण राम ,एडवोकेट हरीश भट्ट ,पूर्व प्रधान राजन सिंह किरमोलिया , प्रकाश चंद्रा , प्रकाश राम , नरेन्द्र सिंह , दीपक कोहली सहित कई अन्य उत्साही कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

बैठक में नेताओं ने कहा कि यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा और जनता के सम्मान की लड़ाई है।
जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि “दिल्ली की सड़कों पर जनता की आवाज़ गूंजेगी और सत्ता के अहंकार को स्पष्ट संदेश दिया जाएगा कि देश में लोकतंत्र बिकाऊ नहीं है।”

जिला प्रभारी ललित फर्स्वाण ने बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रैली की तैयारियों को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बागेश्वर जिले से एक ऐतिहासिक और रिकॉर्ड तोड़ संख्या में लोग दिल्ली पहुंचेंगे, और यह रैली सत्ता में बैठे लोगों को उनकी करनी का आईना दिखाएगी।

पूर्व दर्जा राज्य मंत्री गोपाल दत्त भट्ट ने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हो रहे हमलों के खिलाफ अब निर्णायक लड़ाई का समय आ गया है। “यह रैली आने वाले राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत होगी,” उन्होंने कहा।

ब्लॉक अध्यक्ष ग्रीश कोरंगा ने कहा कि कांग्रेस कभी भी लोकतांत्रिक धारणा के साथ समझौता नही करेगी।

बैठक में क्षेत्रभर से आए कार्यकर्ताओं ने पूरी शक्ति के साथ रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया। हर वक्ता के उद्बोधन के बाद तालियों की गड़गड़ाहट यह बताने के लिए काफी थी कि बागेश्वर कांग्रेस दिल्ली में होने वाले महासंग्राम के लिए पूरी तरह तैयार है।

अंत में बैठक का समापन उत्साहपूर्ण नारेबाज़ी—
“वोट चोर गद्दी छोड़!”
“लोकतंत्र ज़िंदाबाद!”
—के साथ हुआ, और पूरा माहौल जोश और उमंग से भर उठा।