March 7, 2026

बागेश्वर पुलिस की सफलता: CEIR पोर्टल की मदद से 10 गुमशुदा मोबाइल बरामद, स्वामियों को लौटाए


बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चंद्रशेखर घोडके (आईपीएस) के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल हुई है। कोतवाली बागेश्वर क्षेत्र में पूर्व में गुम हुए 10 मोबाइल फोन पुलिस टीम ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से ट्रैक कर बरामद किए हैं।
पुलिस को प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, तकनीकी दक्षता, सतत निगरानी एवं निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप इन सभी मोबाइल फोनों का सफलतापूर्वक पता लगाया गया।
आज दिनांक 20 दिसंबर 2025 को पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर श्री अजय शाह द्वारा कोतवाली परिसर में सभी बरामद मोबाइल फोन उनके मूल स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर सभी फोन स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मोबाइल स्वामियों ने न केवल अपना कीमती फोन बल्कि उसमें मौजूद महत्वपूर्ण डेटा सुरक्षित मिलने पर बागेश्वर पुलिस की तत्परता, सजगता एवं उच्चकोटि की तकनीकी कार्यप्रणाली की खुले दिल से प्रशंसा की।
इस अवसर पर बागेश्वर पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाता है तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें एवं CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे तकनीकी माध्यमों से मोबाइल को शीघ्र खोजा जा सके।
बागेश्वर पुलिस की यह पहल न केवल तकनीकी सशक्तिकरण का उदाहरण है, बल्कि आम जनता के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और सेवा भाव को भी दर्शाती है।