नशे पर निर्णायक प्रहार: एसएसपी अल्मोड़ा के नेतृत्व में 13 लाख के गांजे की बड़ी खेप बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा श्री देवेन्द्र पींचा द्वारा नशे के विरुद्ध अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति नये वर्ष में भी पूरी दृढ़ता और निरंतरता के साथ लागू होती दिखाई दे रही है। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को साकार करने की दिशा में अल्मोड़ा पुलिस ने एक और बड़ी सफलता अर्जित करते हुए नशा तस्करी के संगठित प्रयास को समय रहते विफल कर दिया है। जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को सघन चेकिंग एवं अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त तत्वों पर कठोर कार्रवाई के स्पष्ट निर्देशों का प्रभाव अब ज़मीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री हरबन्स सिंह एवं क्षेत्राधिकारी रानीखेत श्री विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में, प्रभारी एसओजी निरीक्षक श्री भुवन चन्द्र जोशी तथा थानाध्यक्ष सल्ट श्री कश्मीर सिंह के कुशल नेतृत्व में आज दिनांक 05 जनवरी 2026 को एसओजी एवं सल्ट पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नैल तिराहा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की आर्टिगा कार (संख्या HR38AB9680) को रोका गया। सराईखेत की ओर से आ रही इस कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार तीन युवकों के कब्जे से कुल 51.950 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 12 लाख 98 हजार 750 रुपये आँकी गई है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों अभियुक्तों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया तथा थाना सल्ट में उनके विरुद्ध मु0अ0सं0-01/26 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। तस्करी में प्रयुक्त आर्टिगा कार को भी विधिक प्रक्रिया के तहत सीज कर दिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने गांजे को सराईखेत से रामनगर की ओर ले जाने की बात स्वीकार की है, जबकि पुलिस टीम द्वारा गांजे के क्रय-विक्रय के स्रोतों एवं नेटवर्क से जुड़ी कड़ियों की गहनता से जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विशाल सिंह (21 वर्ष) पुत्र चन्द्रभान सिंह निवासी शिव विहार कॉलोनी चिल्किया, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल; मोहम्मद अनस (22 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अतीक हुसैन निवासी तेलीपुरा, बड़ी मस्जिद के पास, रामनगर; तथा मोहम्मद हासिम (21 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय खलील अहमद निवासी तेलीपुरा, रामनगर, जनपद नैनीताल शामिल हैं।
इस उल्लेखनीय सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा पुलिस टीम को 5,000 रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया है। कार्रवाई में अपर उप निरीक्षक लखविन्दर सिंह, अपर उप निरीक्षक जयप्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल राजकुमार (थाना सल्ट), हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार एवं कांस्टेबल गणेश पाण्डे (एसओजी अल्मोड़ा) शामिल रहे। यह कार्रवाई न केवल नशा तस्करों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि समाज को नशे के जाल से मुक्त करने की दिशा में अल्मोड़ा पुलिस की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण भी है।
