Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

हल्द्वानी में भाजपा नेता ने युवक को गोली मारी, मौत


हल्द्वानी ।  हल्द्वानी में रविवार देर रात एक सनसनीखेज गोलीकांड ने शहर को दहला दिया। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष और पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू ने जज फार्म निवासी युवक को गोली मार दी। इस घटना में युवक की मौत हो गई। आरोपी भाजपा नेता पुलिस की हिरासत में है। उससे घटना को लेकर पूछताछ चल रही है। फॉरेंसिक टीम ने सोमवार सुबह घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। गोलीकांड की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी है। जानकारी के मुताबिक जज फार्म निवासी 25 वर्षीय नितिन लोहनी पुत्र कैलाश चंद्र लोहनी रविवार रात अपने दोस्त कमल के साथ स्कूटी से गौलापार गया था। कमल के मुताबिक उसके एक रिश्तेदार ने नई गाड़ी ली थी जिसकी पार्टी में शामिल होने दोनों दोस्त गए थे। वापसी में वह डहरिया में भाजपा नेता और पार्षद अमित के घर पर जा रहे थे। बताया कि पार्षद का बेटा नितिन का करीबी दोस्त है। कुछ दिन पहले पार्षद के बेटे का किसी एक गैंग से झगड़ा हुआ था। इस सिलसिले में बात करने के लिए कमल और नितिन रविवार रात पार्षद के घर पर गए थे। आरोप है कि गेट पर बेल बजाते ही छत से पार्षद ने तमंचे से फायर कर दी। पहले फायर जमीन पर लगा और दूसरा सीधा नितिन के पीठ पर। जिस कारण नितिन घसीटता हुआ नहर के किनारे जाकर गिर गया। तीसरा फायर कमल पर किया लेकिन वह भाग निकला। कमल का आरोप है कि उसका पीछा किया गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाल विजय सिंह मेहता मौके पर पहुंचे और पार्षद को हिरासत में लिया। कमल का आरोप है कि एक रिवाल्वर पार्षद के बेटे के हाथ में भी थी जो घटनास्थल पर मौजूद था। पहले से ही दोनों ने घटना को अंजाम देने का प्लान बनाया था। पुलिस पार्षद से घटना के बारे में पूछताछ कर रही है। इधर, मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रख दिया है। मृतक की पीठ पर गोली के 50 से अधिक छर्रे लगे हैं।

You may have missed

Advertisement