March 16, 2026

बागेश्वर में हल्के भूकंप के झटके, तीव्रता 3.5


बागेश्वर। जनपद बागेश्वर में आज सुबह हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ क्षणों के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बागेश्वर शिखा सुयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई है। भूकंप 13 जनवरी 2026 को प्रातः 07 बजकर 25 मिनट 06 सेकंड (भारतीय मानक समय) पर दर्ज किया गया।
प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र अक्षांश 29.93 डिग्री उत्तर और देशांतर 80.07 डिग्री पूर्व पर स्थित था, जबकि इसकी गहराई धरती के भीतर लगभग 10 किलोमीटर मापी गई। भूकंप का क्षेत्र बागेश्वर जनपद और उसके आसपास का इलाका बताया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने स्पष्ट किया कि फिलहाल जनपद में कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन स्थिति पर सतर्क दृष्टि बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें ।