March 16, 2026

ऐतिहासिक उत्तरायणी मेले में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था, बागेश्वर–कपकोट पुलिस पूर्णतः सतर्क


बागेश्वर। जनपद बागेश्वर एवं कपकोट में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आस्था के महापर्व उत्तरायणी मेले (कौतिक) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस ने व्यापक और प्रभावी सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चन्द्रशेखर घोडके (आईपीएस) के कुशल निर्देशन एवं सतत निगरानी में पुलिस बल ‘श्रद्धा, सुरक्षा और अनुशासन’ के मूल मंत्र के साथ पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है।
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए मंदिर परिसरों तथा सरयू–गोमती संगम घाटों पर सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बैरिकेडिंग की गई है। भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आगमन और प्रस्थान हेतु पृथक-पृथक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
मेला क्षेत्र में स्थापित झूलों, चरखों, सांस्कृतिक मंचों तथा भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अराजक तत्वों एवं असामाजिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए सतर्क निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कोतवाली बागेश्वर एवं थाना कपकोट पुलिस द्वारा मेला क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान निरंतर जारी है। दिनांक 15 जनवरी 2026 की सायं तक कोतवाली बागेश्वर द्वारा 90 तथा थाना कपकोट द्वारा 17 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जिसके साथ ही अब तक उत्तरायणी मेले से जुड़े एवं बाहरी कुल 605 व्यक्तियों का सत्यापन पूर्ण किया जा चुका है। सत्यापन के दौरान आवश्यक पहचान दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है तथा बिना सत्यापन पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
संदिग्ध गतिविधियों पर निरंतर निगरानी बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन तकनीक का भी प्रभावी उपयोग किया जा रहा है, जिससे मेला क्षेत्र की प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखी जा सके।
बागेश्वर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि उत्तरायणी मेले के दौरान शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी या सहायता केंद्र को दें।