नौ साल के कार्यकाल में राज्य विकास के बजाय बदहाली की ओर बढ़ा: ऐठानी
बागेश्वर । कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नौ साल के कार्यकाल में राज्य विकास के बजाय बदहाली की ओर बढ़ा है और जनता महंगाई, बेरोजगारी व असुरक्षा से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी परेशान है और रसोई गैस की किल्लत से लोग कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं। उपनल कर्मचारियों के मुद्दे पर भी सरकार पर पक्षपात का आरोप लगाया।ऐठानी ने नकल विरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में है। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार न मिलने और मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ने पर भी चिंता जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो जनता की परेशानी और बढ़ेगी। इस दौरान कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष बागेश्वर प्रकाश आर्या, कुंदन गोस्वामी, दीवान टंगड़िया आदि मौजूद रहे।
