April 19, 2026

बागेश्वर में भूकंप के हल्के झटके, दहशत में लोग—रिक्टर स्केल पर 3.7 तीव्रता दर्ज


गरुड , बागेश्वर, उत्तराखंड । जनपद बागेश्वर में रविवार को अचानक आए भूकंप के हल्के झटकों ने लोगों को क्षणिक रूप से दहशत में डाल दिया। भूकंप की यह घटना पूर्वाह्न 11 बजकर 47 मिनट 08 सेकंड पर दर्ज की गई, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र 30.047 उत्तरी अक्षांश और 79.901 पूर्वी देशांतर पर स्थित रहा, जबकि इसकी गहराई पृथ्वी की सतह से लगभग 10 किलोमीटर नीचे आंकी गई।
भूकंप के झटके हल्के होने के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, हालांकि अचानक धरती हिलने से लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। प्रशासन स्थिति पर सतर्क निगरानी बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है, जहां इस प्रकार के हल्के झटके समय-समय पर आते रहते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों से संपर्क करें।