Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

रामदेव से मिला दुनिया का सबसे लंबा किशोर, योग और आसन की लेगा प्रशिक्षण


हरिद्वार ।   दुनिया के सबसे लंबे किशोरों में गिने जा रहे सहारनपुर के 8 फीट 2 इंच लंबे करण राठी ने हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ पहुंचकर योग गुरु स्वामी रामदेव से मुलाकात की। इसका वीडियो सामने आने के बाद करण की असाधारण लंबाई एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। वीडियो में स्वामी रामदेव खुद करण की लंबाई देखकर हैरान नजर आते हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर योग के माध्यम से सुधार की बात करते दिखाई देते हैं। करण राठी के पिता संजय राठी पेशे से डॉक्टर हैं। करण मूलरूप से हरियाणा के बहादुरगढ़ के रहने वाले हैं और वर्तमान में यूपी के सहारनपुर में रह रहे हैं। करण ने स्वामी रामदेव को बताया कि वे 12वीं कक्षा के छात्र हैं और इसके बाद उन्हें डॉक्टर की पढ़ाई करनी है। करण असामान्य हाइट के चलते पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि उनकी लंबाई 8 फीट 2 इंच है, जो उन्हें दुनिया के सबसे लंबे किशोरों में शामिल करती है। खास बात यह है कि करण के माता-पिता की लंबाई भी सात फीट से ज्यादा बताई जाती है, जिससे उनके परिवार में लंबाई का यह गुण आनुवंशिक माना जा रहा है। हालांकि, अत्यधिक लंबाई के साथ करण को कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं परेशानियों के समाधान के लिए करण की माता श्वेता राठी पतंजलि योगपीठ पहुंची हैं और वहां पर इलाज करवा रही हैं। करण भी माता के साथ पतंजलि योगपीठ में रह रहे हैं। पतंजलि योगपीठ में योग गुरु स्वामी रामदेव से मार्गदर्शन लिया। स्वामी रामदेव ने करण को नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी है।

Advertisement