गरुड़ में आंगनवाड़ी संगठन ने शक्तिप्रदर्शन कर विशाल रैली निकाली
बागेश्वर । अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश भर में आंदोलित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का गुस्सा बढ़ गया है। गरुड़ विकासखंड में आंगनवाड़ी संगठन ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते हुए विशाल रैली निकाली। विकासखंड मुख्यालय से तहसील मुख्यालय तक निकले इस जुलूस में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शिरकत की और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और उग्र होगा। गंगा देवी ने कहा कि मानदेय और टेक होम राशन का हक वह लेकर रहेंगे। पोषाहार तीन महीने के बजाए हर महीने भेजने की मांग की। तीन महीने के चक्कर में कई बार एक्सपायरी वाला राशन भी भेज देते हैं। ठेकदार की जानकारी भी उन्हें नहीं होती है। प्रदेश उपाध्यक्ष बिमला कोहली कहा कि सरकार उनके धैर्य की परीक्षा न ले। उन्होंने कहा हमारा मुख्य मुद्दा मानदेय में वृद्धि और टीएचआर (टेक होम राशन ) की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता धरातल पर सबसे ज्यादा काम करती हैं, लेकिन उनके हितों की अनदेखी की जा रही है। हम अपनी मांगें मनवाकर ही दम लेंगे। कोहली ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह लड़ाई रुकने वाली नहीं है। उन्होंने ऐलान किया कि यदि सरकार ने उनकी जायज मांगों को अनसुना किया, तो आने वाले समय में प्रदेश के समस्त आंगनवाड़ी केंद्र पूर्ण रूप से बंद कर दिए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।रैली में शामिल रहेगंगा देवी, पार्वती देवी, कमला दानू जिलाध्यक्ष, नीमा जोशी, द्रोपती दानू, प्रभा आर्या, शीला लोहमी, गीता आर्या, आनंदी, निर्मला नेगी, तारा देवी, पुष्पा रावत, जयंती बिष्ट, किरन जीना, मुन्नी बोरा, प्रेमा जोशी, पार्वती देवी, भुवनेश्वरी आदि शामिल रहे।
