विधायक के आश्वासन के बाद कांडा का क्रमिक अनशन स्थगित
बागेश्वर । पृथक कांडा ब्लॉक की मांग को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन और महातपस्या विधायक के आश्वासन के बाद 31वें दिन स्थगित हो गया है। उन्होंने अनशनकारियों को जूस पिलाकर आंदोलन स्थल से उठाया। कहा कि विकासखंड की घोषणा मुख्यमंत्री ने पूर्व में की है। जल्द ही स्थापना के प्रयास होंगे। लोगों को छोटी प्रशासनिक इकाई का भी लाभ दिया जाएगा। बुधवार को कृपाल सिंह रावत, गुमान सिंह धपोला, बंशीधर कांडपाल, भैरवदत्त चंदोला, ईश्वर सिंह धपोला तथा मोहन सिंह धपोला क्रमिक अनशन बैठे। आंदोलन स्थल पर विधायक सुरेश गड़िया, उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल व अन्य अधिकारी पहुंचे। विधायक ने आंदोलनकारियों से वार्ता की।कहा कि इस समय पूरे देश में जनगणना हो रही है। जनगणना के बाद परिसीमन होगा। उसके बाद ही ब्लॉक का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ब्लॉक बनाने की घोषणा की तो वह बनेगा। लोगों को इसके लिए थोड़ा इंतजार और करना होगा। इसके बाद संघर्ष समिति के संयोजक गोविंद सिंह भंडारी समेत अन्य लोगों ने उनसे लंबी वार्ता की। वार्ता के बाद आंदोलनकारियों ने आंदोलन स्थगित किया है।कहा कि यदि उनकी मांगों को जल्द अमली जामा नहीं पहनाया गया तो वह दोबारा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान गौरव पंत, गिरीश जोशी, प्रयाग सिंह भंडारी, हीरा सिंह कर्म्याल, दरपान सिंह धपोला, बलवीर भंडारी, सोनी माजिला, हीरा बल्लभ जोशी, बीरेंद्र नगरकोटी, गणेश दत्त कांडपाल, अनिल चंदोला, महेश पंत, जिला पंचायत सदस्य गोपा धपोला, सरोज आर्या आदि मौजूद रहे। संचालन आलम सिंह मेहरा ने किया।
