हाईस्कूल के सभी पेपरों में शामिल हुई छात्रा की अंकतालिका खाली
नई टिहरी । उत्तराखंड की बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। बोर्ड की लापरवाही इस कदर सामने आई है कि बोर्ड परीक्षा के सभी पेपरों में शामिल छात्रा को पांच विषय में से एक भी विषय में कोई अंक नहीं दिए गए हैं जिससे उसका परीक्षा परिणाम अपूर्ण बताया गया है। इसी तरह गणित विषय में भी छात्रों को बहुत कम अंक दिए गए हैं। छात्रों और अभिभावकों ने बोर्ड की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए परीक्षा परिणाम में सुधार करने की मांग की है। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा का लाखों छात्र-छात्राओं को बेसब्री से इंतजार था। 25 अप्रैल को परीक्षा परिणाम जारी होने पर अधिकतर छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है लेकिन जाखणीधार ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लामरीधार के हाईस्कूल के कई छात्रों की खुशियों पर बोर्ड ने पानी फेर दिया है। प्रधानाध्यापक विनोद मलासी ने बताया कि स्कूल के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं तब निराशा हाथ लगी जब उन्हें बोर्ड की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ा है। उन्होंने बताया कि स्कूल की रश्मि पुत्री जगत लाल ने बोर्ड परीक्षा के सभी पेपरों में शामिल हुई लेकिन अंक पत्र में उसे किसी भी विषय में कोई अंक नहीं दिए गए हैं। इसी तरह कॉपी जांचने में भी गड़बड़ी सामने आई है। एक छात्र को गणित में तीन अंक दिए गए हैं जबकि दो अन्य छात्रों को छह और नौ अंक दिए गए हैं। मूल्यांकन में की गई इस गड़बड़ी से वह छात्र खासे निराश हैं। छात्र-छात्राओं का कहना है कि उन्हें गणित विषय में भी अन्य विषय की तरह अच्छे अंक आने की उम्मीद थी लेकिन मूल्यांकन की लापरवाही से उन्हें निराशा हाथ लगी है। छात्रों और अभिभावकों ने मूल्यांकन में हुई गड़बड़ी में शीघ्र सुधार करने की मांग की है।
