जनता दरबार में समस्याओं का त्वरित निस्तारण, अधिकारियों को सख्त निर्देश
बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन की सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनमें मुख्यतः सड़क, पेयजल और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं।
जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए प्रशासनिक तत्परता का परिचय दिया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट और समयबद्ध निर्देश जारी किए। खुनौली क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए जल संस्थान को निर्देशित किया गया, वहीं डोला में सीसी खड़ंजा निर्माण के लिए जिला पंचायत को जिम्मेदारी सौंपी गई। मंडलसेरा में आधार केंद्र की स्थापना को लेकर ईडीएम को सर्वे कराने के निर्देश दिए गए, जबकि बनलेख गड़ेत सड़क के एलाइनमेंट को अंतिम रूप देने हेतु पीएमजीएसवाई को कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कांडा पंपिंग योजना के अंतर्गत सभी गांवों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिशासी अभियंता जल निगम को टेस्टिंग कार्य तेज करने और अधिकाधिक गांवों को जोड़ने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं, सीएम हेल्पलाइन एवं जनपद स्तरीय ‘हैलो बागेश्वर’ हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने और शिकायतकर्ताओं से शत-प्रतिशत संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।
जिला योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति पर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई और सभी निर्माणदायी संस्थाओं को 30 अप्रैल तक टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया। इसके अतिरिक्त अनटाइड फंड एवं आपदा मद से स्वीकृत कार्यों को मई माह के अंत तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
