June 17, 2026

गरुड़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना


बागेश्वर , गरुड । विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना लगातार जारी है। कार्यकर्ता वेतन वृद्धि, टेक होम राशन की नियमित आपूर्ति, बढ़ते डिजिटल वर्कलोड में कमी तथा रिटायरमेंट राशि बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन अब तक शासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बताया कि फरवरी माह का मानदेय अभी तक पूर्ण रूप से नहीं मिला है, जिससे उनके केंद्रों के संचालन पर भी असर पड़ रहा है और घर की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि टेक होम राशन समय पर और पूर्ण मात्रा में उपलब्ध नहीं हो रहा है। कई बार एक्सपायरी सामग्री देने की शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने ऐसे मामलों में जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। केंद्रों के गैस सिलेंडर उनके निजी नाम से दर्ज होने के कारण घरेलू और केंद्र के उपयोग में परेशानी हो रही है। साथ ही सिलेंडरों की किल्लत भी बनी हुई है।आधार कार्ड को केंद्र के गैस कनेक्शन से अलग करने की मांग की। धरने में शामिल सुनीता गोस्वामी, आनंदी बड़सीला और पार्वती देवी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अधिकार मांग रही हैं, लेकिन उन्हें कार्रवाई की चेतावनी वाले पत्र भेजे जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी प्रकार की धमकी से डरने वाली नहीं हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राशन की आपूर्ति कई बार अनियमित रहती है और देर शाम तक सड़क किनारे छोड़ दिया जाता है, जिससे परेशानी बढ़ती है। कार्यकर्ताओं ने सरकार से समयबद्ध और व्यवस्थित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।