Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 6, 2026

बागेश्वर में खेत गए परिजनों के घर से 5 तोला सोना और नकदी चोरी


बागेश्वर ।    कांडा थाना क्षेत्र के ग्रामसभा करड़िया के भेटा में चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर करीब पांच तोला सोना और 70 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब परिजन खेतों में गेहूं काटने गए हुए थे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मामले के जल्द खुलासे की मांग की है। साथ ही कुछ स्थानीय लोगों की संलिप्तता की आशंका भी जताई है। भेटा करड़िया निवासी जीवन चंद्र कर्नाटक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को उनकी पत्नी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक खेत में थीं, जबकि वह स्वयं भी घर पर नहीं थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर सोना और नगदी चोरी कर ली। चोर बक्से को पास की झाड़ियों में फेंक गए। पीड़ित ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने पुलिस से घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही कुछ संदिग्ध नंबरों की जांच कराने की भी बात कही है। थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच की जिम्मेदारी एसआई लता खत्री को सौंपी गई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बुधवार को कई महिलाएं खेतों में काम करने तक नहीं गईं। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

Advertisement