Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

दिशा बैठक में विकास कार्यों की गहन समीक्षा, गुणवत्ता और समयबद्धता पर सख्त निर्देश


बागेश्वर । जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र पोषित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गंभीर मंथन हुआ। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्वच्छ भारत मिशन तथा सामाजिक पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 309ए के दो लेन चौड़ीकरण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु अंधे मोड़ों के सुधार पर विशेष बल दिया।
वन भूमि से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे कार्यदायी संस्थाओं से मार्ग अधिकार प्राप्त कर प्रभागीय वनाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करें। स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर जांच एवं स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने, कार्यरत महिलाओं के लिए प्रस्तावित हॉस्टलों हेतु भूमि चिन्हांकन करने तथा केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बीएसएनएल को नेटवर्क समस्याओं के समाधान हेतु फील्ड विजिट कर कनेक्टिविटी सुधारने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बताया कि जनपद में कीवी मिशन के अंतर्गत उल्लेखनीय उत्पादन हुआ है तथा कुटकी और काले धान की खेती से किसानों को बेहतर लाभ मिल रहा है। मनरेगा के तहत चालू वर्ष में 5.40 लाख मानव दिवस सृजित किए गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 118 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी जनपद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।

Advertisement