May 18, 2026

उत्तराधिकारी संगठन ने स्वराज भवन में एक कक्ष मांगा


बागेश्वर ।  उत्तराखंड स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने जनपद के सभी स्वतंत्रता सेनानी परिवारों से जुड़ी लंबित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की। मंगलवार को संगठन के अध्यक्ष कैप्टन धर्मेंद्र कुमार पांडे के नेृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। इसमें उन्होंने कहा कि नुमाईशखेत स्थित स्वराज भवन में संगठन के लिए एक कक्ष कार्यालय के लिए आवंटित किया जाए, ताकि स्वतंत्रता सेनानी एवं उनके उत्तराधिकारी एक स्थान पर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय कर सकें। इसके अलावा जनपद के सभी स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के घरों के पास सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई। संगठन ने यह भी बताया कि कई स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों के परिचय पत्र तथा पेंशन संबंधी मामले लंबित पड़े हैं। इन मामलों का शीघ्र निस्तारण की मांग की। कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कई स्वतंत्रता सेनानियों के शिलापट्ट अब तक स्थापित नहीं हो पाए हैं। संगठन ने जिलाधिकारी से इन सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर संगठन के संरक्षक गिरीश चंद्र जोशी, सचिव पंकज सिंह डसीला, कोषाध्यक्ष गुमान सिंह धपोला सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।