बाड़ेछीना पेट्रोल पंप दो माह से बंद, दर्जा मंत्री पिलख्वाल ने लिया संज्ञान
अल्मोड़ा । बाड़ेछीना स्थित पेट्रोल पंप पर पिछले करीब दो माह से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बाधित रहने का मामला सामने आया है। लगातार ईंधन उपलब्ध न होने से क्षेत्रवासियों, पर्यटकों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्ति निरीक्षक, राजस्व ग्राम बाड़ेछीना ने पेट्रोल पंप स्वामी को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर आपूर्ति व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए हैं। जारी नोटिस में कहा गया है कि अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप में लंबे समय से ईंधन उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए अल्मोड़ा तक जाना पड़ रहा है। विभाग ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में दूरभाष के माध्यम से भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। विभाग ने पर्यटन सीजन का हवाला देते हुए कहा कि इस मार्ग से बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन गुजरते हैं, ऐसे में क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की नियमित उपलब्धता आवश्यक है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर ईंधन आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो संबंधित पेट्रोल पंप स्वामी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नोटिस की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी सदर और जिला पूर्ति अधिकारी अल्मोड़ा को भी भेजी गई है। मामले को लेकर दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिल्खवाल ने भी प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कर क्षेत्र में लंबे समय से बनी ईंधन किल्लत पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि बाड़ेछीना क्षेत्र से गुजरने वाले स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को ईंधन न मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द नियमित ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की।
