आदि कैलाश यात्रा के प्रथम दल को हरी झंडी, यात्रियों ने लिया हिमालय संरक्षण का संकल्प
पिथौरागढ़। वर्ष 2026 की प्रथम आदि कैलाश यात्रा का शुभारंभ गुरुवार को पर्यटक आवास गृह पिथौरागढ़ से हुआ। उत्तराखंड टूर एंड ट्रेवल्स द्वारा प्रायोजित विभिन्न राज्यों से आए 20 सदस्यीय यात्री दल को जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक दिनेश गुरु रानी द्वारा संचालित “हिमालय बचाओ अभियान” के 661वें दिन यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण भी किया गया तथा यात्रियों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में रोपण के लिए पौधे वितरित किए गए।
दिनेश गुरु रानी ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पॉलीथिन, प्लास्टिक, रेपर एवं अन्य प्रदूषण फैलाने वाली सामग्रियों का प्रयोग न करें, ताकि हिमालय की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता बनी रहे। उन्होंने बताया कि विगत कई वर्षों से यात्रियों के माध्यम से उच्च हिमालय क्षेत्र में स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड टूर एंड ट्रेवल्स के निदेशक लोकेश चंद ने यात्रियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य ने यात्रियों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा सुरक्षित यात्रा के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
इस दौरान पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक उमेश पांडे सहित निगम के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के उपरांत यात्री दल गुंजी के लिए रवाना हो गया।
