बागेश्वर में नव निर्मित संग्रहालय का लोकार्पण नहीं होने से गुस्सा
बागेश्वर । बागनाथ मंदिर में संग्रहालय को बने छह महीने पूरे हो गए हैं, उसका अभी लोकार्पण नहीं हो पाया है। इसपर बागनाथ मंदिर प्रबंध समिति ने कड़ी आपत्ति जताई है। मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द लोकार्पण की मांग की है। सीएम को भेजे पत्र में उन्होंने कहा कि बागनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री घोषणा के बाद राज्य पुरातत्व विभाग का संग्रहालय बने छह महीने हो गए हैं, लेकिन पुरातत्व विभाग अल्मोड़ा के अनदेखी के कारण अभी तक संग्रहालय का लोकार्पण नहीं हो पाया है। दूर-दूर से आने वाले पर्यटकों व स्थानीय लोगों को संग्रहालय के अदंर प्राचीन से प्राचीन मूर्तियों को अवलोकन करने का मौका नहीं मिल पा रहा है। बागनाथ मंदिर राज्य पुरातत्व विभाग के अधीन है। परिसर में छोटे-छोटे मंदिर भी हैं। यहां बेशकीमती मूर्तियां भी स्थापित हैं। मंदिरों की सुरक्षा एवं देखरेख के लिए कोई भी कर्मचारी नियुक्त नहीं है। पुरातत्व विभाग द्वारा रात्रि चौकीदार भी नहीं है। दोनों मंदिरों में किसी प्रकार की चोरी या किसी भी प्रकार का नुकसान होने पर बागनाथ मंदिर प्रबंध समिति उत्तरदायी नहीं रहेंगे। उन्होंने जल्द लोकार्पण करने व कर्मचारी की तैनाती की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में भरत सिंह रावल प्रधान पुजारी, संजय रावल उपाध्यक्ष, नंदन सिंह रावल अध्यक्ष, राजा साह कोषाध्यक्ष, नवीन रावल सभासद, बालादत्त तिवारी सचिव आदि मौजूद रहे।
