May 14, 2026

डॉ. महेंद्र कुमार पन्त को मिली एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के डीन की जिम्मेदारी, क्षेत्र में खुशी की लहर

गरुड, बागेश्वर । उत्तराखंड शासन द्वारा चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में लिया गया एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय अब कुमाऊँ क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गया है। गंगोलीहाट विकासखंड के जजुट गांव निवासी वरिष्ठ चिकित्सा शिक्षाविद् डॉ. महेंद्र कुमार पन्त को हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, देहरादून में अधिष्ठाता (डीन) पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन के इस आदेश के बाद उनके पैतृक क्षेत्र गंगोलीहाट सहित अल्मोड़ा, गरुड़ और हल्द्वानी तक खुशी का माहौल है।
वर्तमान में डॉ. पन्त सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान, अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में एनाटॉमी विभाग में प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं प्रशासनिक अनुभव में उनकी दक्षता को देखते हुए शासन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। चिकित्सा शिक्षा जगत में डॉ. पन्त को एक अनुशासित, गंभीर और दूरदर्शी शिक्षाविद् के रूप में जाना जाता है।
डॉ. पन्त का मूल निवास गंगोलीहाट क्षेत्र के जजुट गांव में है, जबकि उनका ननिहाल बागेश्वर जनपद के गरुड़ क्षेत्र स्थित बनतोली गांव में है। उनके परिवार की सामाजिक एवं शैक्षिक पृष्ठभूमि भी लंबे समय से सम्मानित रही है। उनके पिता लोक निर्माण विभाग (PWD) से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वर्तमान में डॉ. पन्त अपने परिवार के साथ अल्मोड़ा में निवास कर रहे हैं।
परिवार के अन्य सदस्य भी विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके छोटे भाई हल्द्वानी नगर निगम में पार्षद हैं, जबकि उनके पुत्र ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। परिवार की इस शैक्षिक एवं सामाजिक उपलब्धि को क्षेत्र के लोग प्रेरणास्रोत के रूप में देख रहे हैं।
डॉ. पन्त को विश्वविद्यालय के डीन पद की जिम्मेदारी मिलने पर जोशी परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों तथा क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। लोगों का कहना है कि उनकी नियुक्ति से न केवल चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को भी नई प्रेरणा प्राप्त होगी।
उत्तराखंड शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. पन्त अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ विश्वविद्यालय के डीन पद का कार्यभार संभालेंगे तथा यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध गतिविधियों तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नई दिशा मिलेगी।