Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

चार माह से नहीं मिले सिलिंडर, चूल्हा जलाने के लिए जंगल से ला रहे लकड़ी


श्रीनगर गढ़वाल । देवप्रयाग और कीर्तिनगर विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में तीन से चार महीने से गैस सिलिंडर की आपूर्ति न होने पर लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में दो, तीन व चार माह से गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि अधिकतर घरों में बुजुर्ग लोग ही हैं। सिलिंडर नहीं मिलने से उन्हें जंगलों से लकड़ी लानी पड़ रही है। गढ़वाल विवि के पूर्व छात्र संघ महासचिव व बडियारगढ़ क्षेत्र निवासी ऋतांशु कंडारी ने बताया कि कीर्तिनगर ब्लाॅक के लोस्तु-बडियारगढ़, सिल्काखाल, धारी ढुंडसिर, हिंसरियाखाल, अकरी बारजुला, नैथाणा, मुल्यागांव व देवप्रयाग ब्लॉक के हिंडोलाखाल, पौड़ीखाल, जामणीखाल, रणसोलीधार आदि क्षेत्रों में लोग गैस किल्लत से परेशान हैं। उन्होंने एसडीएम कीर्तिनगर पंकज भट्ट से मिलकर समस्या के समाधान की मांग की। उन्होंने बताया कि एसडीएम ने जिन क्षेत्रों में ज्यादा दिक्कत है वहां प्राथमिकता से सिलिंडर पहुंचाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
200 लोगों की लगी लाइन, बंटे 180 सिलिंडर:
अल्केश्वर घाट के समीप पीपलचौरी स्थित भारत गैस वितरण केंद्र पर गैस के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह करीब आठ बजे से ही लोग खाली सिलिंडर लेकर लाइन में खड़े होकर वाहन आने का इंतजार करते रहे। इस दौरान हल्की बहस भी हुई। करीब 11 बजे गाड़ी पहुंची। वाहन में करीब 180 सिलिंडर थे जबकि मौके पर 200 से अधिक लोग। ऐसे में कुछ लोगों को गैस सिलिंडर नहीं मिल पाए। भारत गैस एजेंसी के प्रोपराइटर देवेंद्र खंडेवाल ने बताया कि श्रीनगर, श्रीकोट, स्वीत और मेन बाजार क्षेत्र समेत करीब 2100 उपभोक्ताओं को एजेंसी से गैस आपूर्ति की जाती है। हर माह 14 और 28 तारीख को गैस वितरण किया जाता है लेकिन बीच में सप्लाई बाधित रहने के कारण इस बार बैकलॉग बढ़ गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पाई है उन्हें अगली सप्लाई पहुंचते ही दे दिए जाएंगे।

Advertisement