May 17, 2026

पौड़ी के कमंद गांव में गुलदार ने एक व्यक्ति को मार डाला


पौड़ी ।  जिला मुख्यालय से सटे कमंद गांव में बीते शुक्रवार देर शाम गुलदार ने एक व्यक्ति को मार डाला। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो झाड़ियों के बीच व्यक्ति का अधखाया शव मिला। गढ़वाल वन प्रभाग के पौड़ी रेंज नागदेव से सटे कमंद (थली गांव) में गुलदार ने मोहन चंद्र मलासी (65) को मार डाला। बताया जा रहा है कि देरशाम को वे घर से महज सौ मीटर की दूरी पर चारापत्ती लेने गए थे। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो तीन घंटे खोजबीन करने के बाद घनी झाड़ियों के बीच उनका अधखाया शव मिला। ग्रामीणों ने झाड़ियाें से शव निकाला और रात भर घटनास्थल पर बैठे रहे। इसी बीच सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को 50 लाख का मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई।