यूकेडी ने एसएसजे विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल
अल्मोड़ा । उत्तराखंड क्रांति दल ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में चल रही शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं, आरक्षण रोस्टर के कथित गलत अनुप्रयोग और हितों के टकराव का आरोप लगाते हुए राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से शिकायत पत्र भेजा है। यूकेडी के केंद्रीय संयुक्त सचिव त्रिलोक सिंह लटवाल के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि विश्वविद्यालय में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आरक्षण रोस्टर का अनुप्रयोग शासनादेशों और यूजीसी दिशानिर्देशों के अनुरूप नहीं किया गया है। संगठन ने मांग उठाई कि यह स्पष्ट किया जाए कि रोस्टर को विश्वविद्यालय स्तर पर लागू किया गया या विभाग एवं परिसर स्तर पर। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि विश्वविद्यालय के कुलसचिव स्वयं प्रोफेसर पद के अभ्यर्थी बताए जा रहे हैं और चयन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल हैं। साथ ही उनके निकट संबंधियों के भी अभ्यर्थी होने का दावा किया गया है। यूकेडी ने इसे हितों के टकराव की स्थिति बताते हुए चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। संगठन ने कहा कि यह स्थिति प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत प्रतीत होती है। ज्ञापन में वर्तमान कुलसचिव की अधिकारिता और भर्ती प्रक्रिया में उनकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। यूकेडी ने मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने, जांच पूरी होने तक चयन प्रक्रिया पर रोक लगाने, हितों के टकराव वाले अधिकारियों को प्रक्रिया से अलग करने और आरक्षण रोस्टर की वैधानिक समीक्षा कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में यूकेडी के जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष पान सिंह लटवाल, पंकज सिंह कपकोटी, जिला महामंत्री देवेश जोशी, सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष चंदन सिंह मसूनी, गिरीश नाथ गोस्वामी और पवन कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
