अग्निकुंड से गोमती पुल तक सड़क की मांग मुखर
बागेश्वर । अग्निकुंड पुल से नारायण देव वार्ड एवं ज्वालादेवी वार्ड होते हुए सरयू किनारे महंत बगीचे तक सड़क निर्माण की मांग मुखर होने लगी है। इस मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों ने प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि सड़क बनने से दूध, गैस का वाहन मोहल्ले में पहुंचेगा। समय पर लोगों के घरों में एकत्र कूड़ा भी उठ जाएगा। जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की भी चेतावनी है। क्षेत्र के लोग मंगलवार को कलक्ट्रेट में पहुंचे। यहां प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि वह लंबे समय से सड़क की मांग कर रहे हैं।
सड़क नहीं होने से क्षेत्र में रह रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रस्तावित सड़क बनने से लोगों को मुख्य मार्ग से नहीं जाना पड़ेगा। लोगों की समस्याएं भी कम होंगी। सड़क बनने से दोनों वार्डों के लोगों को दूध, गैस का वाहन घर-घर पहुंचेगा। लोगों को सड़क पर गैस के लिए लंबी लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। कूड़ा वाहन मोहल्ले में नहीं आने से कुछ लोग मजबूरी में सरयू नदी में ही कूड़ा डाल देते हैं। इससे नदी प्रदृषित हो रही है। वाहन आने से नदियां भी स्वच्छ रहेंगी। साथ ही सड़क किनारे जिलाधिकारी कार्यालय जाने वाले मार्ग की तरह प्रथ प्रकाश से आच्छादित करने की मांग की। इस आशय का एक ज्ञापन डीएम को सौंपा। इस मौके पर विक्रम पिल्ख्वाल, नरेंद्र सिंह नेगी, राधा नेगी, प्रेमा देवी, भवानी दत्त पाठक, आनंदी देवी, जानकी पाठक, प्रेमा पांडे, नेहा पांडे, जानकी देवी, इंदर सोनी, हीरा देवी, बालकृष्ण, विमला, मदन सिंह बिष्ट आदि शामिल हैं।
