गरुड़ बाजार में खोया बैग दो घंटे में बरामद, बैजनाथ पुलिस की तत्परता से महिला को मिली बड़ी राहत
गरुड़/बागेश्वर। जनपद पुलिस की त्वरित एवं जनहितकारी कार्यशैली का एक और उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब गरुड़ बाजार में खरीदारी के दौरान एक महिला का महत्वपूर्ण सामान से भरा बैग खो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर बैग को सुरक्षित बरामद कर महिला के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भतड़िया निवासी एक महिला ने कोतवाली बैजनाथ पुलिस को सूचना दी कि गरुड़ बाजार में खरीदारी करते समय उनका बैग कहीं गुम हो गया है। बैग में मोबाइल फोन, नकदी, आधार कार्ड समेत अन्य महत्वपूर्ण पहचान पत्र रखे हुए थे। अचानक बैग खो जाने से महिला काफी चिंतित हो गई, क्योंकि उसमें मौजूद दस्तावेज और नकदी उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए तत्काल खोज अभियान शुरू किया। संभावित स्थानों पर गहन जांच-पड़ताल और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम ने उल्लेखनीय तत्परता का परिचय देते हुए सूचना मिलने के मात्र दो घंटे के भीतर बैग को बरामद कर लिया। राहत की बात यह रही कि बैग में रखा मोबाइल फोन, नकदी तथा सभी आवश्यक दस्तावेज पूरी तरह सुरक्षित मिले।
इसके बाद पुलिस ने बरामद बैग महिला को सौंप दिया। अपना खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला ने खुशी व्यक्त करते हुए बागेश्वर पुलिस की कार्यकुशलता, ईमानदारी और संवेदनशीलता की सराहना की। उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि त्वरित कार्रवाई के कारण उन्हें बड़ी परेशानी से राहत मिली।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में जनपद पुलिस लगातार आमजन की समस्याओं के समाधान और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। गरुड़ में हुई यह कार्रवाई पुलिस की संवेदनशीलता और जनता के प्रति जवाबदेही का एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है।
