विकास भवन में लगी उपलब्धियों की प्रदर्शनी
बागेश्वर । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को विकास भवन सभागार में ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ थीम पर उपलब्धि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पार्वती दास ने दीप प्रज्वलित कर किया। विधायक पार्वती दास ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। प्रदर्शनी में कृषि, उद्यान, उद्योग, ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान लखपति दीदी लीला देवी और रीता देवी ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मिली सफलता के अनुभव साझा किए। जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, लखपति दीदी योजना और मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
