June 16, 2026

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में फंसे भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को जेल


देहरादून ।   चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो को लेकर चर्चा में आए भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को कोर्ट ने जेल भेज दिया है। मामले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और तत्कालीन प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम को फंसाने और जबरन वसूली करने के मामले में दून पुलिस ने यह कार्रवाई की है। सोमवार दोपहर आरोपी पूर्व विधायक को दून कोर्ट में पेश किया गयया। वहां से 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सोमवार दोपहर प्रेसवार्ता कर इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बीते पांच जनवरी को दुष्यंत गौतम ने केस दर्ज कराया। जांच में साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर राठौर के खिलाफ दर्ज केस में बीएनएस की धारा 308(6) (जबरन वसूली) को जोड़ा गया। धारा बढ़ने के बाद रविवार को डालनवाला पुलिस टीम ने आरोपी सुरेश राठौर को बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से दबोच लिया। आरोप था कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने एक्ट्रेस उर्मिला सनावर और कुछ राजनीतिक पार्टियों के साथ मिलकर अंकिता भंडारी हत्याकांड को जोड़कर सोची-समझी साजिश रची। इसके तहत दुष्यंत गौतम, भाजपा और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि धूमिल करने के लिए फर्जी व मनगढ़ंत ऑडियो-वीडियो तैयार किए गए। इस झूठी सामग्री को सोशल मीडिया पर वायरल कर राज्य की शांति व्यवस्था भंग करने और दंगे भड़काने का भी प्रयास किया गया था। यहां रविवार देर रात मामले में सुरेश राठौर से पूछताछ की गई। मंगलवार सुबह सुरेश राठौर (उम्र 66 वर्ष) निवासी शास्त्रीनगर, थाना ज्वालापुर, जिला हरिद्वार का मेडिकल कराने के बाद पुलिस पेशी के लिए कोर्ट लेकर पहुंची। कोर्ट ने अभियोजन और बचाव की दलीलें सुनने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया।—