June 16, 2026

सोहेल हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा.. छोटा भाई ही निकला भाई का कातिल


 – पिता के 10 लाख उड़ाए, दो लाख का पिस्टल खरीद बड़े भाई की हत्या की
देहरादून ।   भुड्डी गांव में सोहेल हत्याकांड का पुलिस ने 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। सोहेल (24 वर्ष) की हत्या उसके सगे छोटे भाई शाहिद (21) ने की थी। पुलिस ने हत्यारोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने शौक पूरे करने के लिए पिता के बैंक खाते से 10 लाख रुपये उड़ा लिए थे। जब बड़े भाई को इसका पता चला तो उसने शाहिद की पिटाई कर दी थी। इसी बात का बदला लेने के लिए शाहिद ने खौफनाक साजिश रची और सोहेल को मौत के घाट उतार दिया। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सोमवार दोपहर प्रेसवार्ता कर घटना खुलासे की जानकारी दी। रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि भुड्डी गांव में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर सोहेल को गोली मार दी है। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल टीमें गठित कीं। पुलिस ने जब घर और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि पिछले दो दिन से घर के कैमरों की रिकॉर्डिंग डिलीट कर उन्हें सिर्फ लाइव मोड पर रखा गया था। साथ ही फुटेज में बाहर से किसी के अंदर आने के साक्ष्य नहीं मिले। जांच के दौरान पुलिस को घर के बाथरूम में छिपाई गई एक देशी पिस्टल मिल गई। पुलिस का शक छोटे भाई शाहिद पर गहरा गया। जब शाहिद को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया। उसने कबूल किया कि उसी ने अपने भाई की हत्या की है और पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात बदमाशों की झूठी कहानी रची थी। सोहेल वकालत की पढ़ाई कर एक वकील के यहां कामकाज सीख रहा था।
नशे और महंगे चीजों के शौक का आदी:    आरोपी शाहिद नशे और महंगी चीजों का आदी था। 20-25 दिन पहले उसके माता-पिता हज पर गए थे। उनके जाने के बाद शाहिद ने पिता का एटीएम कार्ड चुरा लिया और अपनी अय्याशी के लिए 10 लाख रुपये निकाल लिए। सोहेल को जब यह पता चला तो दोनों के बीच भारी विवाद हुआ और सोहेल ने उस पर हाथ उठा दिया। इसी पिटाई से क्षुब्ध होकर शाहिद ने बड़े भाई को रास्ते से हटाने की ठान ली। उसने दो दिन तक सीसीटीवी कैमरों की सेटिंग बदली और मौका पाकर 14 जून की रात सोहेल को गोली मार दी।