ऑपरेशन प्रहार के तहत बागेश्वर पुलिस का बड़ा एक्शन, 300 ग्राम चरस के साथ गरुड के युवक सहित दो तस्कर गिरफ्तार
बागेश्वर । उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देश पर संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बागेश्वर पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को 300 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी बागेश्वर की टीम ने चेकिंग के दौरान वाहन संख्या यूके-02-4430 में सवार दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 300 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बबलू काण्डपाल (28 वर्ष) पुत्र कैलाश चन्द्र काण्डपाल निवासी घेटी, थाना बैजनाथ तथा भोलाराम (40 वर्ष) पुत्र जोगाराम निवासी आरे, थाना एवं जनपद बागेश्वर के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
इस संबंध में कोतवाली बागेश्वर में एफआईआर संख्या 37/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मामले की विवेचना के दौरान आरोपियों के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक जीवन सामन्त, कांस्टेबल कुलदीप वर्मा, भुवन बोरा, रमेश सिंह, संतोष सिंह तथा चालक कांस्टेबल विजय कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
