June 20, 2026

जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने को गरुड़ और कपकोट में लगे शिविर, विभागों ने लगाए स्टॉल

बागेश्वर। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से शनिवार को विकासखंड गरुड़ और नगर पंचायत कपकोट में प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों को उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।

गरुड़ में आयोजित शिविर की देखरेख खंड विकास अधिकारी तथा कपकोट में अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत द्वारा की गई। शिविर में समाज कल्याण, उरेड़ा, उद्योग, खाद्य आपूर्ति, बाल विकास, पंचायती राज, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य विकास, उद्यान, एनआरएलएम एवं रीप परियोजना सहित विभिन्न विभागों ने सहभागिता की। विभागीय अधिकारियों ने आमजन को अपने-अपने विभागों की योजनाओं, सेवाओं और लाभार्थी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना समेत अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी देते हुए अधिकाधिक लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान स्थानीय नागरिकों की शिकायतें और समस्याएं भी सुनी गईं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नगरवासियों ने भागीदारी कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, दयाल सिंह ऐठानी, गजेन्द्र सिंह, गणेश चंद्र तिरूवा, अधिशासी अधिकारी बलवंत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।