June 20, 2026

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से आत्मनिर्भरता को मिलेगा नया बल, अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के निर्देश

बागेश्वर। विकास भवन सभागार में शनिवार को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा योजना से जुड़े लाभार्थियों ने भाग लिया। कार्यशाला में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं, वर्तमान वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में योजना से जुड़े क्षेत्र के लगभग 25 लाभार्थियों ने सहभागिता कर योजनाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना युवाओं और इच्छुक उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ उठाकर अपने भीतर के उद्यमी को पहचानने और समर्पण के साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों की सफलता ही उत्तराखंड को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। साथ ही अधिकारियों को लाभार्थियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए ऋण स्वीकृति से लेकर प्रशिक्षण एवं अन्य प्रक्रियाओं में हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से पात्र लोगों तक पहुंच सके और बेहतर परिणाम सामने आएं।

कार्यशाला में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।