पूर्व सैनिकों ने कैंटीन, ईसीएचएस भवन के लिए बजट मांगा
बागेश्वर । चार सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखंड पूर्व सैनिक संगठन की जिला इकाई एक बार फिर मुखर हो गई है। संगठन के पदाधिकारियों ने शनिवार को जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे से मुलाकात कर कठायतबाड़ा में प्रस्तावित आर्मी कैंटीन और ईसीएचएस भवन निर्माण के लिए शीघ्र बजट स्वीकृत कराने की मांग उठाई। संगठन से जुड़े पूर्व सैनिकों ने जिलाधिकारी को जिले में कार्यभार संभालने पर बधाई देते हुए बताया कि बागेश्वर सैन्य बाहुल्य जिला है, जहां करीब 15 हजार पूर्व सैनिक और वीर नारियां निवास करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कठायतबाड़ा में आर्मी कैंटीन और ईसीएचएस भवन निर्माण के लिए दो वर्ष पूर्व भूमि आवंटित की जा चुकी है, लेकिन बजट के अभाव में अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
वर्तमान में कैंटीन किराये के भवन में संचालित हो रही है, जिससे बार-बार स्थान बदलने की समस्या बनी रहती है। संगठन ने तहसील मार्ग स्थित शहीद स्मारक स्थल पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग भी उठाई। साथ ही पर्यटन विभाग की ओर से वहां बनाए गए शुलभ शौचालय को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। पूर्व सैनिकों ने बैठक और कार्यालय संचालन के लिए बागेश्वर में स्थायी मीटिंग हॉल उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि पूर्व जिलाधिकारी ने विकासखंड बागेश्वर में कार्यालय और बैठक कक्ष उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक इसका लाभ नहीं मिल सका है। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष भूपेश सिंह दफौटी, सचिव आरसीएस भंडारी, नयन सिंह खेतवाल, जगदीश जोशी, चरण सिंह मलड़ा और मोहन सिंह कनवाल समेत कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
