June 30, 2026

लमगड़ा में कार खाई में गिरी, चार लोगों की मौत, दो गंभीर घायल


अल्मोड़ा ।   सोमवार दोपहर लमगड़ा ब्लॉक के चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर एक मारुति ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे कार संख्या UK04 Z 5819 चायखान-बेगानिया मार्ग पर बलिया के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चालक समेत छह लोग सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया। बाद में दोनों घायलों को एयर एंबुलेंस के माध्यम से हल्द्वानी भेजा गया। हादसे में राजेंद्र सिंह बेलवाल (40), जगदीश सिंह (35), लछम सिंह (56) और पान सिंह (50), सभी निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, की मौत हो गई। घायलों में गोपाल सिंह (45) और सचिन बेलवाल (18), दोनों निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, शामिल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।