बागेश्वर में सड़क निर्माण की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू
बागेश्वर । स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. महेंद्र सिंह करायत के नाम पर प्रस्तावित मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं सेनानी के उत्तराधिकारी फतेह सिंह करायत आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि वर्षों से मांग उठाने और कई बार ज्ञापन देने के बावजूद शासन-प्रशासन ने सड़क निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। फतेह सिंह करायत ने बताया कि स्व. महेंद्र सिंह करायत मोटर मार्ग के लगभग सात किलोमीटर विस्तार का प्रस्ताव लंबे समय से लंबित है। उनका कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र के 15 से 20 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।साथ ही एनएच-309 से संपर्क स्थापित होने पर कई गांवों की आवाजाही सुगम होगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और शासन स्तर से कई बार सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक कार्य शुरू नहीं हो सका। उनके अनुसार यह केवल सड़क निर्माण का मुद्दा नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान और क्षेत्र की जनता के अधिकारों से भी जुड़ा विषय है।आमरण अनशन को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का भी समर्थन मिल रहा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कराला पालड़ी चंदन सिंह तथा ग्राम प्रधान बंगचूड़ी नंदन सिंह भी अनशन में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग है और जब तक सरकार निर्माण कार्य शुरू करने का निर्णय नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा। अनशनकारियों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र शासनादेश जारी कर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
